मध्य प्रदेश

समाज का हर वर्ग सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को स्वीकार कर सम्मान करे : भाजपा

भोपाल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष  राकेश सिंह एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अयोध्या मामले में शनिवार को आने वाले न्यायालय के फैसले को स्वीकार करने व उसका सम्मान करने की अपील सभी वर्गो  से की है। भाजपा नेताओं ने कहा,कि कोई भी पक्ष इस फैसले को अपनी जीत या हार के रूप में न देखे। जो भी फैसला हो उसे धैर्य और शांति के साथ स्वीकार करें।

सौहार्द,शांति कायम रखना सभी की जिम्मेदारी
 पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा ,कि देश और प्रदेश सबसे ऊपर है। भारतीय जनता पार्टी भी राष्ट्र को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने कहा,कि फैसला जो भी आए समाज का हर वर्ग फैसले को स्वीकार कर सम्मान करे। इसमें न हार, न जीत का सवाल है। प्रदेश में शांति और सदभावना बनी रहे। देश, प्रदेश हमारा है, इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी है कि सदभाव, स्नेह, आत्मीयता, सौहार्द और शांति बनी रहे। कोई भी ऐसी गतिविधि न हो जिसके कारण कहीं भी विद्वेष या वैमनस्य का भाव आए। हम सभी संकल्प करें प्रदेश में सभी शांति और प्रेम से रहे।

 भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण वातावरण कायम रखने में अहम भूमिका अदा करें
  भाजपा प्रदेशाध्यक्ष  राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के उन गिने चुने प्रदेशों मे से एक है जिसे शांति का टापू माना जाता हैं। सभी धर्म के लोग मिलजुलकर एक साथ व्रत त्यौहार मनाते आए है। आज पूरा देश राम जन्मभूमि को लेकर जिस फैसले की प्रतीक्षा कर रहा था, वो फैसला आने वाला है। उन्होंने कहा कि जब कोई ऐसा बड़ा फैसला आता है तो दुनिया को यह संदेश देने की आवश्यकता है कि भारत वही देश है जहॉ वर्षो से मिलजुलकर हम रहते आए है। श्री सिंह ने प्रदेश के नागरिकों, राजनैतिक दल और अन्य संगठन से जुड़े हुए लोगों से अपील करते हुए कहा कि हम सब मिलजुलकर राम जन्मभूमि पर उच्चतम न्यायालय द्वारा आने वाले फैसले का स्वागत करेंगे। उन्होंने प्रदेश के लाखों लाख भाजपा कार्यकर्ताओं से भी अपील करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता पार्टी की रीति नीति का और अनुशासन का पालन करते है और आज पार्टी यही चाहती है कि मध्यप्रदेश का सदभाव बना रहें और मिलजुलकर इस फैसले का स्वागत करे। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का यह दायित्व है कि वह प्रदेश मे शांतिमय वातावरण को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढकर अपनी भूमिका का निर्वाहन करें।

  मंडल चुनाव दो दिन के लिए स्थगित
 भाजपा प्रदेशाध्यक्ष  ने 9 एवं 10 नवंबर को प्रस्तावित संगठन की मंडल चुनाव प्रक्रिया आगामी आदेश तक के लिए स्थगित कर दी है। उन्होंने शुक्रवार देर रात ट्वीट कर यह जानकारी दी।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment