राजनीति

महाराष्ट्र की राजनीति में ‘महा’ उलटफेर के 29 दिन, 29 दांव

नई दिल्ली 
24 अक्तूबर को नतीजे आने के बाद से महाराष्ट्र में सियासी गणित हर दिन बदलता रहा। साथ-साथ चुनाव लड़ने वाली भाजपा और शिवसेना नतीजे आने के बाद से दूर-दूर होते चले गए। दोनों बड़े दलों के झगड़े के बीच कांग्रेस और एनसीपी भी सरकार बनाने के दांव-पेच में लगा रहा, लेकिन कभी बात बनती दिखी, तो कभी बिगड़ती। 

25 अक्तूबर : शिवसेना ने 50-50 के फॉर्मूले की बात कही
चुनाव नतीजे आने के एक दिन बाद शिवसेना ने भाजपा को ढाई-ढाई (50-50 फॉर्मूला) साल मुख्यमंत्री का प्रस्ताव दिया।

26 अक्तूबर : मुख्यमंत्री पद से कोई समझौता नहीं : भाजपा
शिवसेना के इस प्रस्ताव के बाद भाजपा नेतृत्व ने साफ संकेत दिए कि मुख्यमंत्री पद उसके पास ही रहेगा और उस पर कोई समझौता नहीं।

27 अक्तूबर : पांच साल भाजपा के नेतृत्व में सरकार चलेगी : फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कर दिया है कि राज्य में अगले पांच साल भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार चलेगी।

28 अक्तूबर : राज्यपाल से अलग-अलग मिले दोनों दल 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना नेता दिवाकर राउत ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से अलग-अलग मुलाकात की।

29 अक्तूबर :शिवसेना को साधने के लिए नए फॉर्मूले पर विचार
मुख्यमंत्री पद की मांग पर अड़ी शिवसेना को साधने के लिए भाजपा ने उपमुख्यमंत्री पद का ऑफर दिया। हलांकि, शिवसेना ने यह ऑफर ठुकरा दिया।

30 अक्तूबर : भाजपा ने फडणवीस को विधायक दल का नेता चुना 
भाजपा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को फिर से विधायक दल का नेता चुना और पार्टी ने एक बार फिर साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री उसी का होगा और पूरे पांच साल के लिए।

31 अक्तूबर : पहले से तय फॉर्मूले पर ही आगे बढ़ेंगे: उद्धव
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने साफ कहा कि सरकार बनाने के लिए वह पूर्व में भाजपा के साथ तय किए फॉर्मूले पर ही आगे बढ़ेंगे।

1 नवंबर : शिवसेना अपने दम पर बना सकती है सरकार : राउत
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि अगर शिवसेना फैसला करती है तो उसे स्थिर सरकार बनाने के लिए आवश्यक संख्या मिल जाएगा। 

2 नवंबर : उद्धव ठाकरे ने शरद पवार से की बात
भाजपा से लगातार जारी तनातनी के बीच शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और एनसीपी प्रमुख शरद पवार के बीच फोन पर बात की।

3 नवंबर : शिवसेना का दावा, 170 विधायक हमारे साथ 
 शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हमारे पास बहुमत का आंकड़ा है। अभी हमारे पास 170 विधायकों का समर्थन है, जो 175 तक पहुंच सकता है।

4 नवंबर : जिनके पास संख्याबल है, वे सरकार बनाएं: शरद पवार
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में जिन दलों के पास संख्याबल है, उन्हें जल्द सरकार का गठन करना चाहिए।
 
5 नवंबर : आदित्य ठाकरे को मुख्यमंत्री बनाने के पोस्टर लगे
भाजपा के साथ गतिरोध के बीच शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे को मुख्यमंत्री बनाने के पोस्टर सड़कों पर लगाए गए। 

6 नवंबर : एनसीपी विपक्ष की भूमिका निभाएगी: पवार
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन को महाराष्ट्र में सरकार बनाने का जनादेश मिला है। लिहाजा,हम विपक्ष में बैठेंगे।

7 नवंबर : सदन में पता चल जाएगा आंकड़े किसके पास: राउत
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि भाजपा को ऐलान करना चाहिए कि वह सरकार बनाने में सक्षम नहीं हैं। इसके बाद पता चलेगा कि हमारे पास क्या आंकड़े हैं।

8 नवंबर : फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया
महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक गतिरोध के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने शिवसेना पर कई आरोप लगाए।

9 नवंबर : भाजपा को सरकार बनाने का न्योता
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने संविधान के मुताबिक, सबसे बड़े दल के रूप में भाजपा को सरकार बनाने का न्योता दिया। 

10 नवंबर : भाजपा का इनकार, शिवसेना को न्यौता
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश नहीं करेगी। इसके बाद राज्यपाल ने शिवसेना को न्यौता भेजा।

11 नवंबर : एनसीपी को राज्यपाल ने बुलाया
शिवसेना द्वारा दावा नहीं पेश करने पर राज्यपाल ने एनसीपी को सरकार के गठन का न्यौता भेजा। इसके लिए 24 घंटे का समय दिया गया।

12 नवंबर : महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगा
किसी भी दल द्वारा सरकार बनाने का दावा नहीं पेश करने के बाद राज्यपाल ने केंद्र से राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश की, जिसे राष्ट्रपति ने मंजूर कर लिया।

13 नवंबर: एनसीपी-कांग्रेस ने संयुक्त समिति बनाई
कांग्रेस-एनसीपी ने न्यूनतम साझा कार्यक्रम तय करने के लिए संयुक्त समिति बनाई। केंद्रीय गृह मंत्री व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, शिवसेना की नई मांग नहीं मानी जाएगी। 

14 नवंबर: राष्ट्रपति शासन की तैयारी पहले से थी
शिवसेना ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की तैयारी पहले से ही चल रही थी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, क्रिकेट और राजनीति में कुछ भी संभव है।

15 नवंबर: फार्मूला तैयार, मुख्यमंत्री शिवसेना का 
 शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की गठबंधन सरकार बनाने का फार्मूला तैयार हुआ। मुख्यमंत्री पद पांच साल तक शिवसेना के पास ही रहेगा।

16 नवंबर: शिवसेना एनडीए की बैठक में भाग नहीं लेगी
शिवसेना एनडीए घटक दलों की बैठक में शामिल नहीं होगी। वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी का एनडीए से औपचारिक रूप से बाहर आना अब एक औपचारिकता रह गया है।

  

17 नवंबर: फडणवीस के सामने शिवसैनिकों की नारेबाजी
शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे फडणवीस को शिवसैनिकों की नारेबाजी का सामना करना पड़ा।

18 नवंबर: पवार ने सरकार गठन पर नहीं खोले पत्ते
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मुलाकात के बाद भी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार ने महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर पत्ते नहीं खोले।

19 नवंबर: सरकार गठन पर कांग्रेस-एनसीपी के बीच नहीं हुई बैठक 
महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ गठबंधन और न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बीच बैठक नहीं हुई। 

20 नवंबर: महाराष्ट्र में ढाई-ढाई साल का मुख्यमंत्री होगा
महाराष्ट्र में सरकार गठन का नया फार्मूला सामने आया। ढाई साल शिवसेना और ढाई साल एनसीपी का मुख्यमंत्री होगा। कांग्रेस को उपमुख्यमंत्री का पद।

21 नवंबर : उद्धव और आदित्य ठाकरे ने पवार से की मुलाकात
सरकार गठन को लेकर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की।

22 नवंबर: महाराष्ट्र में तीनों दलों ने तय किया फार्मूला
महाराष्ट्र में नई सरकार को आकार देने के लिए शिवसेना, कांग्रेस-एनसीपी के शीर्ष नेताओं की बैठक हुई। घंटों मंथन के बाद तीनों दलों ने सरकार गठन का फॉर्मूला तय किया। 

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment