मध्य प्रदेश

दिसम्बर महा से फिर शुरू होगी कर्जमाफी- CM कमलनाथ

विदिशा
 मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा झूठ की राजनीति करती है। किसानों की कर्जमाफी को झूठा बताया जाता है, जबकि यह प्रक्रिया अब भी जारी है। पहले चरण में किसानों का 50 हजार तक का कर्ज माफ किया गया। अगले माह से दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वे शुक्रवार को विदिशा में जिला अस्पताल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करने के दौरान बोल रहे थे।

उन्होंने 350 पलंग के इस अस्पताल को 500 पलंग का करने और इसका नाम पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया के नाम पर करने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि 11 माह में उन्हें सिर्फ 6 माह ही काम का मौका मिला है। इस अवधि में विपरीत हालातों में भी वे प्रदेश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। अतिवर्षा से प्रदेश को करोड़ों रुपयों का नुकसान हुआ है, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार प्रदेश को सहायता राशि नहीं दे रही। अब केंद्र से राशि मिले या न मिले, वे पीड़ित किसानों को मुआवजा बांटेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि मिलावट रोकने के लिए चलाए गए अभियान के अच्छे परिणाम आ रहे हैं। प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक 1342 नए डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। 760 डॉक्टर नियुक्त करने के लिए प्रक्रिया जारी है।

इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने कहा कि प्रदेश के 13 मेडिकल कॉलेज से आगामी तीन साल में तीन हजार नए डॉक्टर मिलेंगे। डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के लिए 11 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की भी तैयारी है। विदिशा विधायक शशांक भार्गव ने सीएम से विदिशा को छिंदवाड़ा मॉडल की तरह विकसित करने का आग्रह किया। जिस पर सीएम ने कहा कि आने वाले समय में विदिशा का विकास इतिहास में दर्ज होगा।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment