छत्तीसगढ़

किसानों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी जरूरत की हर कृषि सामग्री: चौबे

रायपुर
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे एवं नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने आज कृषि उपज मण्डी के पास पंडरी में आयोजित कार्यक्रम में 2.05 करोड़ रूपए की लागत के तीन किसान उपभोक्ता बाजार का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें एक करोड़ 53 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित दो किसान उपभोक्ता बाजार का लोकार्पण और लगभग 52 लाख रूपए की लागत से बनने वाले एक नये किसान बाजार का भूमिपूजन शामिल है। पंडरी स्थित किसान उपभोक्ता बाजार की लागत एक करोड़ 2 लाख रूपए और पुराना गंज मण्डी के पास नवनिर्मित किसान बाजार की लागत 51 लाख 41 हजार रूपए तथा नये बनने वाले किसान बाजार की लागत 51 लाख 47 हजार रूपए है। मंत्रियों और विधायकों ने किसान बाजार का निरीक्षण किया और हरी ताजी सब्जी की खरीदी भी की।

कृषि मंत्री श्री चौबे ने लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के किसानों को स्थानीय स्तर पर ही कृषि से संबंधित कृषि उपकरण, दवाईयां, बीज आदि जरूरत का हर सामान मिल जाए इस दिशा में कार्य कर रही है। प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के बाजार के अनुरूप सब्जी पार्क, मण्डी आदि बनाने प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि इसका जीता जागता उदाहरण है श्री भूपेश बघेल की सरकार बनते ही किसानों के अल्पकालिक कृषि ऋण माफ किया। साथ ही 2500 रूपए की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की और आगे भी किसानों का धान 2500 रूपए मूल्य पर खरीदते रहेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पिछले वर्ष 20 हजार करोड़ रूपए के धान प्रदेश के किसानों से खरीदे थे। इस वर्ष प्रदेश के किसानों से 25 हजार करोड़ रूपए के 85 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य है।

कार्यक्रम को नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए इस तरह के बाजार उपलब्ध हो जाने से किसानों, सब्जी विक्रेताओं को सीधे लाभ मिलेगा। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और किसान समृद्ध होंगे। आम गरीब परिवार समृद्ध होंगे तो निश्चित ही प्रदेश और देश समृद्ध होगा। डॉ. डहरिया ने बताया कि इंदिरा गांधी की सरकार ने हरित क्रान्ति की शुरूआत की, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश सहित पूरे देश में फसलों का उत्पादन पर्याप्त मात्रा में होता है, जिसे स्वयं उपयोग करते हैं साथ ही निर्यात भी करते हैं। इससे देश को आर्थिक उन्नति की ओर ले जाने में किसान की महत्वपूर्ण भूमिका परिलक्षित होती है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती छाया वर्मा ने कहा कि किसान उपभोक्ता बाजार उपलब्ध हो जाने से किसानों को अपने फसल बेचने में आसानी होगी। इससे किसान, विक्रेता और उपभोक्ता खुशहाल होंगे। कार्यक्रम को विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, श्री कुलदीप जुनेजा, श्री विकास उपाध्याय ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्री जसबीर ढिल्लन, श्री गिरीश दुबे, श्री पप्पू राजेन्द्र बंजारे, श्री एजाज ढेबर, रायपुर कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन, श्री अमीन अग्रवाल, श्री महेन्द्र सिंह, श्री अरूण भद्रा सहित बड़ी संख्या में किसान तथा नगरवासी उपस्थित थे।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment