देश

उड़ते हवाई जहाज में गूंजी किलकारी

कोलकाता
दोहा से बैंकॉक जा रहे एक विमान की मंगलवार सुबह कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट पर इमर्जेंसी लैंडिंग कराई गई। कतर एयरवेज के इस विमान में सवार एक महिला यात्री को विमान में ही लेबर पेन शुरू हो गया था। इसके कुछ देर बाद ही इस यात्री ने जहाज में ही एक बच्चे को जन्म दिया। महिला की डिलिवरी की जानकारी मिलने के बाद पायलट्स ने तत्काल एटीसी से संपर्क किया। इसके बाद जहाज की कोलकाता में लैंडिंग कराई गई।

अधिकारियों के अनुसार, थाइलैंड की रहने वाली 23 वर्षीय गर्भवती महिला कतर एयरलाइन के विमान QR-830 में सवार हुई थी। विमान में ही महिला को लेबर पेन शुरू हो गया। इसके बाद सहयात्रियों ने केबिन-क्रू को इसकी जानकारी दी। विमान सवार यात्रियों की मदद से ही फ्लाइट में महिला की नॉर्मल डिलिवरी कराई गई। जिस वक्त यह पूरा मामला सामने आया, उस वक्त एयरलाइन का विमान इंडियन एयरस्पेस में था।

सुबह के वक्त कराई गई लैंडिंग
पायलट्स ने एटीसी को बच्चे के जन्म की जानकारी दी। एटीसी की अनुमति के बाद मंगलवार सुबह करीब सवा 3 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग कराई गई। इसके बाद ऐम्बुलेंस के जरिए यात्री और उसके बच्चे को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मां और बच्चे की हालत सामान्य है और चिकित्सक उनकी निगरानी कर रहे हैं।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment