देश

अयोध्या विवाद पर फैसला आज, गौतम गंभीर ने जनता से की खास अपील

 नई दिल्ली 
सुप्रीम कोर्ट आज (शनिवार, 9 नवंबर) अयोध्या विवाद पर अपना फैसला सुनाएगा। संवेदनशील राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद पर पांच जजों की पीठ ने 16 अक्टूबर को फैसला सुरक्षित रख लिया था। इस फैसले से पहले पूरे देश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। तमाम दिग्गज हस्तियों ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी ट्विटर के जरिए लोगों से खास अपील की है।

उन्होंने फैसला आने से एक दिन पहले ट्वीट में लिखा, 'अयोध्या पर फैसला कल आना है। मैं हर एक नागरिक से अपील करता हूं कि वो शांति बनाए रखें। हम सभी भारतीय एक परिवार हैं और रहेंगे।' इसके अलावा पूर्व शूटर और भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर ने भी ट्विटर के जरिए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'अयोध्या केस पर आज सुप्रीम कोर्ट अपना फैसला सुनाएगा। हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात मानते हुए जो भी फैसला आए उसका सम्मान करते हुए उसे स्वीकार करना चाहिए। जिम्मेदारी के साथ हमें देश की शांति बनाए रखनी चाहिए।'
 
मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई, न्यायमूर्ति एस ए बोबडे, न्यायमूर्ति धनन्जय वाई चन्द्रचूड़, न्यायमूर्ति अशोक भूषण और न्यायमूर्ति एस अब्दुल नजीर की पांच सदस्यीय संविधान पीठ सुबह साढ़े दस बजे फैसला सुनाएगी। मुख्य न्यायाधीश ने यूपी के मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ एक बैठक कर राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया था। शनिवार को छुट्टी के दिन सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक बेंच बैठेगी और फैसला सुनाएगी। इसे देखते हुए पूरे देश में सुरक्षा चाक चौबंद कर दी गई है। 

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment