भोपाल। बीते साल दिसंबर में मिसरोद के पास एक यात्री बस पटल गई थी। इस घटना में एक दर्जने से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें 108 एंबुलेंस से हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया।एक साथ इतने घायल जब हमीदिया अस्पताल पहुंचे तो वहां हड़कंप की स्थिति बन गई। इतने घायलों के लिए ना तो स्ट्रेचर मिले ना ही इमरजेंसी में जगह। ऐसे में घायलों को भर्ती करने में ही करीब एक घंटा लग गया।
अब नई सुविधा शुरू की
सिर्फ ये घटना ही नहीं हर महीने कई बार शहर में ऐसे हालात बनते हैं जब घायलों को इस तरह से परेशान होना पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को इस तरह की अव्यवस्था का शिकार ना होना पड़े इसके लिए जिकित्जा हेल्थ केयर ने अब नई सुविधा शुरू की है।
सिग्निफिकेंट माना जाएगा
दरअसल कंपनी द्वारा अब 108 कॉल सेंटर पर आने वाले कॉल को दो केटेगिरी सिग्निफिकेंट और नॉन सिग्निफिकेंट में बांटा जाएगा। कॉल सेंटर पर जब किसी घटना में दो या ज्यादा घायल होंगे तो उन्हें सिग्निफिकेंट माना जाएगा। इसके साथ ही कलेक्टर, संबंधित पुलिस थाने के साथ ही अस्पताल को भी सूचना पहुंच जाएगी। इससे सभी विभाग अलर्ट हो जाएंगे और व्यवस्थाएं हो जाएंगी।
यह होगा फायदा
उदाहरण के लिए कोई घटना होती है जिसमें बड़ी संख्या में लोग घायल होते हैं। मौजूदा व्यवस्था में 108 इन घायलों को लेकर अस्पताल पहुंच जाती है। अचानक मरीज पहुंचने की स्थिति में अस्पताल में अफरातफरी मच जाती है।
पहले से ही अलर्ट पर रखेगा
अगर अस्पताल प्रबंधन को पहले ही इसकी सूचना होगी कि इतनी संख्या में घायल आ रहे हैं तो वह ऑफिस स्टाफ से लेकर डॉक्टर सभी को पहले से ही अलर्ट पर रखेगा। यही स्थिति अन्य विभागों में भी होगी।