देश

अखिलेश यादव बोले, भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू 

 लखनऊ 
हिंदू युवा वाहिनी (भारत) के प्रमुख सुनील सिंह ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। उनके आने से उत्साहित सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अब सरकार के पास समय कम है। उसकी उल्टी गिनती शुरू हो गई। अगले चुनाव में सपा की सरकार बनेगी। 

सपा मुख्यालय में शनिवार सुनील सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ सपा में शामिल हो गए। हिन्दू युवा वाहिनी में रहते हुए वह कभी वह योगी आदित्यनाथ के करीबी थे। लेकिन 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी आदित्यनाथ ने उन्हें हिंदू युवा वाहिनी से बाहर कर दिया था। सुनील सिंह को एक समारोह में लाल टोपी पहनाई गई।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के पास हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करने के अलावा और कोई काम नहीं रह गया है।  यह सरकार पहले ही दिन से अन्याय कर रही है। विरोध करने वालों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। अब तो मुख्यमंत्री के पास समय भी नहीं बचा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने विकास का रास्ता रोककर राज्य को विनाश के रास्ते पर ले जाने का काम किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि  योगी आदित्यनाथ की सरपरस्ती वाली हिंदू युवा वाहिनी के लोग सपा के साथ आ गए हैं। अब सुनील सिंह व उनके साथियों की नागरिकता खतरे में पड़ जाएगी। लेकिन उन्हें विश्वास है कि भाजपा के लोगों द्वारा  धर्म की आड़ में किए जा रहे अधर्म का खुलासा यह लोग करेंगे।

सपा अध्यक्ष ने कहा, यह परंपरा (एक दूसरे के नेताओं को अपने दल में शामिल करने की)तो भाजपा ने ही शुरू की है। उसने हमारे विधान परिषद सदस्य बुक्कल नवाब को ले लिया और उनसे कहा कि जाओ हनुमान जी की पूजा करो। भाजपा ने अभी नागरिकता को लेकर कितना बड़ा सवाल खड़ा कर दिया गया। नागरिकता का मामला असम से शुरू हुआ था लेकिन कोई असम के लोगों से पूछे कि क्या वे वहां हुई एनआरसी की कवायद से संतुष्ट हैं? 

भाजपा सरकार पर बरसे सुनील 

सुनील सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को ठगने का काम किया है। अब समय आ गया है कि इसे सत्ता से बेदखल किया जाए और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाए। अगले विधानसभा चुनाव  में सपा का सत्ता में आना तय है। भाजपा का अगले विधानसभा चुनाव में सूपडा साफ हो जायेगा।
 

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment