मनोरंजन

बॉलीवुड के मशहूर कलाकार सुशांत सिंह ने घर में लगाई फांसी

पिछले छह महीनों से डिप्रेशन से गुजर रहे थे सुशांत सिंह राजपूत, घर में पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट

मुंबई. मशहूर एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई स्थित अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी है। सूत्रों की माने तो सुशांत के कुछ दोस्त भी उनके घर पर थे। उनके कमरे के दरवाजे को जब तोड़ा गया तो रूम में सुशांत फांसी के फंदे से लटके पाए गए। पुलिस का कहना है कि सुशांत पिछले छह महीनों से डिप्रेशन से गुजर रहे थे।

सुशांत सिंह वे 34 साल के थे और बॉलीवुड के बेहद लोकप्रिय एक्टर थे। सुशांत सिंह का पोस्ट मार्टम किया जाएगा, इसके लिए उनका शव एम्बुलेंस से ले जाया गया है। सुशांत सिंह के मुम्बई स्थित घर में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस उनके घर से कुछ सामान जांच के लिए अपने साथ लेकर गई है।

सुशांत सिंह राजपूत की मौत किसी सदमे से कम नहीं है। जिस चेहरे को देख सभी मुस्कुरा देते थे, आज वही सभी को उदास कर गया है। सुशांत की आत्महत्या से हर कोई हैरान, परेशान है। फिल्म ‘काए पो चे’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाले सुशांत सिंह राजपूत का बॉलीवुड ने बाहें खोल कर स्वागत किया था। ‘काए पो छे’ के बाद सुशांत ने यशराज बैनर के तले बनी ‘शुद्ध देसी रोमांस’ में भी काम किया। इसके बाद वो आमिर ख़ान की ब्लॉक बस्टर फिल्म ‘पीके’ में दिखे और अपने संक्षिप्त रोल के लिए तारीफ हासिल की।

सात साल के फिल्मी करियर में 11 फिल्मों में काम किया
सात साल के फिल्मी करियर में सुशांत सिंह राजपूत ने कुल 11 फिल्मों में काम किया। उनकी 12वीं फिल्म ‘दिल बेचारे’ का प्रोडक्शन फिलहाल चल ही रहा था। सुशांत की हिट फिल्मों में ‘केदारनाथ’, ‘छिछोरे’, ‘एम एस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘काय पो चे’ शामिल रहीं।

हाइपरटेंशन और डिप्रेशन की दवाओं के पेपर मिले 
सुशांत सिंह राजपूत के घर से हाइपरटेंशन और डिप्रेशन की दवाओं के पेपर मिले हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि घर से किसी भी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसके साथ ही मामले की जांच चल रही है।

सुशांत सिंह की टीम का आधिकारिक बयान
सुशांत सिंह राजपूत की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि यह काफी परेशान करता है कि सुशांत अब हमारे साथ नहीं हैं। हम उनके प्रशंसकों से अनुरोध करते हैं कि वे उन्हें अपने विचारों में याद रखें। हम मीडिया से अनुरोध करते हैं कि इस दुख की घड़ी में प्राइवेसी बनाए रखने में हमारी मदद करें।

सुबह जूस पीकर कमरे में गए सुशांत
सुशांत सिंह रविवार सुबह 10 बजे जूस पिया और अपने कमरे में चले गए, जिसके बाद से बाहर नहीं आए। घर के कर्मचारियों और उसके दोस्तों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद घर के कर्मचारियों ने एक चाबी बनाने वाले को बुलाया और दरवाजा खोला। बाद में पुलिस को सूचित किया गया और एंबुलेंस को बुलाया गया।

बोलने की स्थिति में नहीं हैं पिता
सुशांत सिंह राजपूत का घर पटना के राजीव नगर में है, जहां उनके पिता केके सिंह रहते हैं। सुशांत की मां का कुछ साल पहले देहांत हो चुका है। पिता केके सिंह इस घटना से पूरी तरह से टूट गए हैं और कुछ बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

मुंबई के कूपर अस्पताल पहुंचा सुशांत का पार्थिव शरीर
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का पार्थिव शरीर मुंबई के डॉ. आरएन कूपर म्यूनिसिपल जनरल अस्पताल में पहुंच गया है। जहां पर उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा।

>

About the author

admin administrator

Leave a Comment