देश

जुलाई अंत से अगस्त और सिंतबर तक चलेगा झमाझम बारिश का सिलसिला

मौसम विभाग ने मानसून को लेकर जारी किया अलर्ट

जेएस न्यूज. इस साल देश में सामान्य मानसून रहने वाला है। मौसम विभाग ने मानसून को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक ओवरऑल मानसून तो सामान्य रहेगा, लेकिन प्रारंभिक चरण यानि जून में बारिश सामान्य के कम रह सकती है। इसी तरह जुलाई के महीने में भी कम ही बारिश होगी। अनुमान के मुताबिक तेज और झमाझम बारिश का सिलसिला जुलाई अंत से शुरू होकर अगस्त और सिंतबर तक चलेगा। विभाग के मुताबिक इस साल का मानसून भी पिछले साल की तरह ही रहने वाला है।

दक्षिण में ज्यादा बारिश
मौसम विभाग का ये आकलन हालांकि वर्तमान परिस्थितियों के मुताबिक है। अभी की स्थिति से पता चलता है कि तटीय क्षेत्र ओडिशा, पश्चिम बंगाल और मिजोरम में सामान्य से कम बारिश हो सकती है, जबकि तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी भाग में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। यहां बता दें कि दक्षिण पश्चिम मानसून सामान्य तौर पर एक जून को दक्षिणी इलाकों से देश में दस्तक देता है और 30 सितंबर तक दक्षिण भारत से ही इसकी वापसी होती है। विभाग ने बताया कि मानसून के स्थानिक और महीनेवार वितरण के लिए अभी एक महीना इंतजार करना होगा।

यहां होगी सामान्य बारिश
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य बारिश होगी। गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश के पश्चिमी भाग और उत्तर-पश्चिमी भाग के महाराष्ट्र में सामान्य से थोड़ी अधिक बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग का ये इसी महीने में दूसरा अलर्ट है। इससे पहले विभाग ने 15 अप्रैल को दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन (जून से सितंबर) के दौरान भारत में सामान्य वर्षा की भविष्यवाणी की थी। वहीं अब दोबारा जारी अलर्ट में इससे थोड़ी विस्तृत जानकारी दी गई है।

कमजोर रहेगी शुरुआत
मौसम विभाग ने कहा कि मानसून के शुरुआती चरण यानि जून और जुलाई में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, मराठवाड़ा और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में कम बारिश होगी और इसके चलते यहां फसलें प्रभावित हो सकती है। बहरहाल ये अनुमान पश्चिमी और पूर्वी समुद्री क्षेत्रों में हो रही मौसमी हलचल से निकाले गए हैं। इधर दक्षिण एशिया सीजनल क्लाइमेट आउटलुक फोरम ने भी देश में सामान्य बारिश होने का अनुमान लगाया था।

>

About the author

admin administrator

Leave a Comment