राजनीति

डीके शिवकुमार बने कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष

बेंगलुरु
मध्य प्रदेश में जारी सियासी संकट के बीच कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व ने कर्नाटक में पार्टी के संगठन में बड़ा बदलाव किया है। कर्नाटक के पूर्व मंत्री डीके शिवकुमार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है।

संगठन महासचिव की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शिवकुमार को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त करने के साथ ही ईश्वर खंडरे, सतीश झारकीहोली और सलीम अहमद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही अजय सिंह को विधानसभा और एम नारायणस्वामी को विधान परिषद में मुख्य सेचतक बनाया गया है। पार्टी का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया कांग्रेस विधायक दल के नेता बने रहेंगे। डीके शिवकुमार ने दिनेश गुंडूराव का स्थान लिया है।

बेंगलुरु के रिजॉर्ट में हैं एमपी के बागी विधायक
पार्टी ने यह नियुक्ति ऐसे वक्त में की है, जबकि मध्य प्रदेश कांग्रेस के तमाम बागी विधायकों को बेंगलुरु के एक रिजॉर्ट में रखा गया है। कर्नाटक मध्य प्रदेश की राजनीतिक सत्ता के पूरे गेमप्लान का केंद्र बिंदु बना हुआ है। वहीं पूर्व में कर्नाटक की सरकार में मंत्री रहे डीके शिवकुमार को पार्टी के संकटमोचक नेताओं में से एक माना जाता है। ऐसे में डीके शिवकुमार को प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी देना पार्टी के एक बड़े निर्णय में से एक माना जाता है।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment