देश

 घर से खेलने निकली 8 वर्षीय मासूम की रेप के बाद हत्या

 आगरा                                                                             
आगरा के दन्नाहार थाना क्षेत्र के एक गांव से सोमवार की शाम को लापता हुई 8 वर्षीय मासूम का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई और शव झाड़ियों में फेंक दिया गया। मंगलवार को अपराह्न खेतों पर निकली महिलाओं ने शव देखा तब घटना की जानकारी हो सकी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। दुष्कर्म के बाद बालिका की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई है।

दन्नाहार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 8 वर्षीय बालिका रोज की तरह शाम को घर से खेलने के लिए गांव में निकल गई। देर शाम को वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रात भर उसकी तलाश की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह 11 बजे के करीब गांव की महिलाएं झाड़ियों की तरफ से होकर खेतों पर जा रही थी। तभी झाड़ियों में बालिका का शव देखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर कोहराम मच गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। परिजनों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

रिश्तेदार घटना के बाद गायब, पुलिस कर रही तलाश
बताया गया है कि पड़ोसी ग्राम नगला मुगरिया निवासी बालिका का रिश्तेदार कुछ दिनों से गांव स्थित परिषदीय पाठशाला की बाउंड्रीवॉल बना रहा था। सोमवार को उसने अधिक शराब पी ली। बालिका के घर पर ही वह नहाया और गायब हो गया। अंतिम बार बालिका को उसके साथ ही देखा गया था। मंगलवार को भी उसकी तलाश की गई लेकिन वह नहीं मिला। परिजनों और ग्रामीणों को शक है कि इस रिश्तेदार ने ही उसके साथ दुष्कर्म किया और राज खुलने के डर से हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया। थाना प्रभारी वेदराम का कहना है घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment