देश

ईको फ्रेंडली वाहन से ताजमहल जाएंगे डोनाल्ड ट्रंप, मगर गाड़ी हो सकती है अमेरिका की

 आगरा 
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ ईको फ्रेंडली वाहन से ताजमहल के रॉयल गेट तक जाएंगे। उनकी बीस्ट को 500 मीटर के दायरे में प्रवेश नहीं मिलेगा। विदेश मंत्रालय और आगरा के अधिकारियों ने यह जानकारी अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को दी थी। उन्होंने इस बात पर सहमति जता दी है कि राष्ट्रपति ईको फ्रेंडली वाहन से ही जाएंगे।

वीवीआईपी के लिए शिल्पग्राम से रॉयल गेट तक गोल्फ कार्ट और बैटरी बस चलती है। ट्रंप इसमें से किस पर बैठेंगे, इसका अभी खुलासा नहीं किया गया है। एक संभावना यह भी है कि फ्लीट की गाड़ियों के साथ अमेरिका से ही कोई बिजली चलित वाहन लाया जाएगा। अधिकारियों ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों से कह दिया है कि उनके पास जो वाहन उपलब्ध हैं, उनमें से वे किसी को भी ले सकते हैं। जिस गाड़ी में ट्रंप और उनकी पत्नी सवार होंगे, उसका सुरक्षा घेरा अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों का ही होगा। पैरा मिलिट्री, एनएसजी, पीएसी और पुलिस के जवान सड़क के किनारे खड़े होकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। हवाई अड्डे से ट्रंप बीस्ट गाड़ी से ही आएंगे। शिल्पग्राम के पास फ्लीट रुकेगी। यहां से ईको फ्रेंडली वाहन में सवार होंगे। उस गाड़ी के चारों तरफ त्रिस्तरीय अमेरिकी जवानों का सुरक्षा घेरा रहेगा।

कल आएंगी फ्लीट की गाड़ियां
ट्रंप की फ्लीट में लगभग 40 गाड़ियां होंगी। इसमें से 28 गाड़ियां अमेरिका से आ रही हैं। ये गाड़ियां रविवार सुबह तक आ जाएंगी। इन गाड़ियों के साथ ही आखिरी रिहर्सल किया जाएगा। उस दौरान पूरे मार्ग पर ट्रैफिक रोक दिया जाएगा।

20 गोल्फकार्ट चालक चिह्नित
ट्रंप के साथ अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों का दल गोल्फकार्ट से ताजमहल जाएगा। 20 गोल्फकार्ट चालकों को चिन्हित किया गया है। उनका पुलिस सत्यापन कराया जा रहा है। सभी ड्रेस में रहेंगे। गोल्फकार्ट की जांच अमेरिकी जवान करेंगे।

यमुना में स्टीमर से पेट्रोलिंग करेंगे जवान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा के लिए यमुना में भी पेट्रोलिंग होगी। पहले यमुना में पानी नहीं था। अब आ गया है। एक दर्जन स्टीमर से पुलिस यमुना में ताजमहल के पीछे और आस-पास पेट्रोलिंग करेगी। पुलिस को निर्देश हैं कि कोई जानवर भी यमुना में नजर नहीं आना चाहिए। पैरा मिलिट्री फोर्स की दस कंपनी शुक्रवार को आगरा पहुंची।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment