राजनीति

PM मोदी बोले, दिल्ली के लोगों का मन क्या है, साफ दिखाई दे रहा

,नई दिल्ली

दिल्ली में विधानसभा चुनावों की घोषणा होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली रैली को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी की यह रैली पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित सीबीडी ग्राउंड पर हो रही है। रैली की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोगों के मन में क्या है, यह आज की रैली में साफ दिखाई दे रहा है। चुनावों की घोषणा होने से पहले पीएम मोदी ने रामलीला मैदान में रैली की थी। 

 

पूर्वी दिल्ली में होने वाली रैली से पीएम यमुनापार की 20 सीटों पर वोटरों को साधेंगे। कड़कड़डूमा में होने वाली रैली विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। इसके अलावा मंगलवार को भी पीएम मोदी दक्षिणी दिल्ली के द्वारका इलाके में जनसभा को संबोधित करेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनावों में पीएम मोदी की दो ही रैलियां होंगी। पीएम मोदी की रैली में संबंधित इलाके के तमाम प्रत्याशियों को पीएम मोदी के मंच पर बुलाया जाएगा।  

 

गौरतलब है कि दिल्ली चुनाव में जीत के लिए भारतीय जनता पार्टी अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। प्रधानमंत्री से पहले केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा रैली कर चुके हैं। मोदी के अलावा शाह भी आज दिल्ली के मुंडका, सदर बाजार, बुधनगर और ग्रेटर कैलाश में रैली करेंगी। 

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को बुराड़ी में एक साथ मंच साझा किया। रैली में शाह ने कहा कि मैंने अपनी जिंदगी में बहुत से चुनाव लड़े ओर लड़ाए हैं, लेकिन मैंने दिल्ली सरकार जैसी झूठ बोलने वाली सरकार कभी नहीं देखी। केजरीवाल ने कहा था कि एक हजार यूरोप जैसे स्कूल बनाएंगे, एक भी बना क्या? 50 नए कॉलेज बनाने का वादा किया था, लेकिन बने क्या ?

 

बुराड़ी रैली में अमित शाह ने कहा कि 15 लाख CCTV कैमरे लगाने का वादा किया था, लगे क्या? 1.5 लाख CCTV कैमरे तो लगे लेकिन उनमें से सवा लाख तो मोदी सरकार के फंड से लगे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि हम यमुना जी को स्वच्छ कर देंगे। अरे यमुना जी को स्वच्छ करने की तो बात छोड़िये इन्होंने तो दिल्ली के पानी को गंदा करने का काम किया।

 

बता दें कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इसके लिए दिल्ली में 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 11 फरवरी को वोटों की गिनती होगी और चुनाव के नतीजे जारी किए जाएंगे। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के सामने अपनी सत्ता बचाने की चुनौती है, तो वहीं, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी सत्ता में काबिज होने की जुगत लगा रही हैं। वहीं इसके बाद 4 और 5 फरवरी को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी भी दिल्ली में चुनावी रैली करेंगे।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment