बच्चा चोरी की अफवाह में एक और की मौत

रांची 
एक और बेकसूर आदमी बच्चा चोरी की अफवाह का शिकार हो गया। पिछले कुछ हफ्ते से देश के कई हिस्से में इस तरह की अफवाह फैली हुई है। मंगलवार शाम में झारखंड के रामगढ़ जिले के गंढके गांव में एक 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बच्चा चोरी की अफवाह पर करीब 50 लोगों की एक भीड़ ने उस पर हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह घायल पीड़ित को जब रांची स्थित अस्पताल ले जाया जा रहा था तो उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। 

1 अगस्त से बच्चा चोरी की अफवाह फैलने के बाद अब तक कमोबेश नौ लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। उत्तर प्रदेश के कानपुर और पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से भी बच्चा चोरी की अफवाह पर भीड़ द्वारा हिंसा की खबरें सामने आई हैं।

पांच लोग गिरफ्तार 
रामगढ़ के एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम बसंत मुंडा, संतोष कुमार, राजू करमाली, गिरीधारी भोक्ता और महेंद्र महतो हैं। कुमार ने बताया कि उनलोगों ने हिंसा में शामिल होने की बात कबूल ली है। उन्होंने कहा, 'इस अपराध में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।' 

पुलिस के मुताबिक, मृतक को मंगलवार को रात के 8 बजे गांव में घूमते पाया गया था। उसके बाद गांव भर में अफवाह फैल गई की पीड़ित बच्चा चोर है। तुरंत भीड़ जमा हो गई और उसकी निर्ममता से पिटाई की। पुलिस ने उसको बचाया और रामगढ़ स्थित सदर अस्पताल ले गई। लेकिन उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल से रांची स्थित राजेंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज रेफर कर दिया गया। इससे पहले भी झारखंड में बच्चा चोरी की अफवाह के बाद कोडरमा जिले में भीड़ द्वारा छह लोगों के साथ मारपीट की गई थी। 
 

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment