मध्य प्रदेश

निमाड़ उत्सव नए रूप में होगा प्रस्तुत

 *देखने को मिलेगी मेडिटेशन की नृत्य शैली*

खरगोन  

हमारा निमाड़ उत्सव लगातार नई-नई लोकप्रियता हासिल कर रहा है। गत वर्ष से उत्सव को लेकर प्रदेश ही नहीं पूरे देशभर में चर्चा होने लगी है। इस बार संस्कृति विभाग निमाड़ उत्सव को लेकर और अधिक उत्साह के साथ तैयारी कर रहा है। अब हमारे उत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे है। महेश्वर के मां नर्मदा तट पर होने वाले तीन दिवसीय निमाड़ महोत्सव में देश के प्रख्यात कवि पदमश्री से सम्मानित श्री अशोक चक्रधर तो होंगे ही। इनके अलावा पहली बार निमाड़ की धरती पर एक ऐसा नृत्य प्रस्तुत होगा, जो प्राचीन नृत्य शैली के साथ-साथ मेडिटेशन के दौरान लीन होकर किया जाता है। निमाड़ उत्सव का शुभारंभ 11 नवंबर को शाम 6.30 बजे प्रदेश की संस्कृति मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ द्वारा किया जाएगा। यहां नृत्य, काव्य, रोमांचकारी जल क्रीड़ा व विविध खेल प्रतियोगिताओं का तीन दिवसीय समारोह भी होगा। वहीं समापन भी अच्छी प्रस्तुतियों के साथ होगा।

*मिश्र में खास उत्सवों में होने वाला नृत्य हमारे निमाड़ में*

निमाड़ उत्सव में पहली बार किसी अन्य देश की कला संस्कृति को प्रस्तुत करने का पहला अवसर होगा। यहां इस बार मिश्र में खास उत्सवों पर प्रमुखता से किया जाने वाला नृत्य प्रस्तुत होगा। मिश्र में खास उत्सवों में तनोरा नृत्य को कार्यक्रमों में शामिल किया जाता है। दरअसल यह तनोरा नृत्य एक संगीत यंत्र के नाम से बना है। कई फिल्मों में इस नृत्य को भी दिखाया गया है। यह नृत्य विशेष रूप से मेडिटेशन करने वाले सुफी दरवेशों की लीन होकर साधना करने की एक नृत्य शैली है। नृत्य मेडिटेशन के समय ईश्वर की गहराई में उतरकर स्तुति के दौरान यह क्रिया की जाती है। इस नृत्य को ऋतिक रोशन की जोधा अकबर फिल्म के एक गाने में विशेष रूप से इस नृत्य पर आधारित अंश को दर्शाया गया था, जिसमें ऋतिक रोशन भी स्तुति करते हुए इस नृत्य में शामिल होते है।

*तैयारियों को लेकर प्रोग्राम अधिकारी ने किया अवलोकन*

निमाड़ उत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को संस्कृति विभाग के प्रोग्राम अधिकारी श्री राजीव सक्सेना ने महेश्वर के मां अहिल्या घाट पर स्थल का अवलोकन किया। कार्यक्रम के समन्वयक नीरज अमझरे ने बताया कि इस बार मंच का स्वरूप मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक के मंदिरों का स्वरूप दिया जाएगा। इस अवसर पर नपा सीएमओ राजेंद्र मिश्रा, तहसीलदार देवदत्त शर्मा, बीईओ अखिलेश पारे सहित विश्वदीप मोयदे उपस्थित रहे।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment