देश

73वें हिमाचल दिवस पर शिमला में फहराया गया तिरंगा

पुलिस जवानों की टुकड़ी ने दी सलामी

शिमला. शिमला के रिज मैदान में तिरंगा फहराया हिमाचल दिवस का समारोह मनाया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तिरंगा फहराया। इस मौके पर पुलिस जवानों की एक टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी। समारोह के दौरान सोशल डिस्टेंस का पूरा ध्यान रखा गया। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने हिमाचल दिवस समारोह पर प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर राज्यपाल ने भी राजभवन में तिरंगा फहराया। 73वां हिमाचल दिवस का राज्य स्तरीय समारोह बुधवार को शिमला के रिज मैदान में सादगी पूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की। गौरतलब है कि देशभर में बढ़ते कोरोना के प्रकोप को देखते हुए महज दस मिनट में ही समारोह का समापन हो गया।

केवल एक ही टुकड़ी ने दी सलामी
हिमाचल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तिरंगा फहराया और पुलिस जवानों की एक टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी। इस दौरान सोशल डिस्टेंस का विशेष ध्यान रखा गया। बता दें कि 15 अप्रेल 1948 को हिमाचल का गठन किया गया था, जिसके बाद से हर वर्ष 15 अप्रेल को धूमधाम से हिमाचल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान प्रदेश भर में जिलास्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं सहित रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। इसके साथ ही भव्य तरीके से हिमाचल दिवस मनाया जाता रहा है, लेकिन इस वर्ष देश भर में कोरोना संक्रमण से फैली महामारी के चलते सीमित तरीके से हिमाचल दिवस मनाया गया।

राज्यपाल ने राजभवन में तिरंगा फहराया
हिमाचल दिवस समारोह के मौके पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए राजभवन में तिरंगा फहराया और प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं दीं। अपने शुभकामना संदेश में राज्यपाल ने प्रदेश के लोगों के सुखद और सफल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने आशा जताई कि राज्य हमेशा विकास और उन्नति के पथ पर अग्रसर रहेगा।

रिज पर ये सभी पहुंचे
हिमाचल दिवस समारोह के दौरान शिमला के रिज मैदान पर आयोजित समारोह में राज्य के शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, उप महापौर शैलेन्द्र चौहान, मुख्य सचिव अनिल खाची, पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, सचिव सामान्य प्रशासन देवेश कुमार, महाधिवक्ता अशोक शर्मा, उपायुक्त शिमला अमित कश्यप, पुलिस अधीक्षक ओमापति जमवाल, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह, नगर निगम आयुक्त पंकज राय, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

>

About the author

admin administrator

Leave a Comment