देखी सुनी

हम प्रभु को पाने की बजाए उस परमपिता की बनाई हुई दुनियां की चीजों की कामना करते हैं

कभी भी इस बात पर गौर नहीं करते कि क्यों न दुनियां के बनाने वाले प्रभु को पा लिया जाए। अगर प्रभु हमारे हो गए, तो ही उसकी बनाई हुई हर चीज भी हमारी हो जाएगी

एक राजा ने यह ऐलान करवा दिया कि कल सुबह जब मेरे महल का मुख्य दरवाज़ा खोला जाएगा, तब जिस शख्स ने भी महल में जिस चीज़ को हाथ लगा दिया वह चीज़ उसकी हो जाएगी। इस ऐलान को सुनकर सब लोग आपस में बातचीत करने लगे कि मैं तो सबसे कीमती चीज़ को हाथ लगाऊंगा।

कुछ लोग कहने लगे मैं तो सोने को हाथ लगाऊंगा, कुछ लोग चांदी को तो कुछ लोग कीमती जेवरात को, कुछ लोग घोड़ों को तो कुछ लोग हाथी को, कुछ लोग दुधारू गाय को हाथ लगाने की बात कर रहे थे। जब सुबह महल का मुख्य दरवाजा खुला और सब लोग अपनी अपनी मनपसंद चीज़ों के लिए दौडऩे लगे।

सबको इस बात की जल्दी थी कि पहले मैं अपनी मनपसंद चीज़ों को हाथ लगा दूं, ताकि वह चीज़ हमेशा के लिए मेरी हो जाए। राजा अपनी जगह पर बैठा सबको देख रहा था और अपने आस-पास हो रही भाग दौड़ को देखकर मुस्कुरा रहा था। उसी समय उस भीड़ में से एक शख्स राजा की तरफ बढऩे लगा और धीरे-धीरे चलता हुआ राजा के पास पहुंच कर उसने राजा को छू लिया।

राजा को हाथ लगाते ही राजा उसका हो गया और राजा की हर चीज भी उसकी हो गयी। जिस तरह राजा ने उन लोगों को मौका दिया और उन लोगों ने गलतियां की। ठीक इसी तरह सारी दुनियां का मालिक भी हम सबको हर रोज़ मौक़ा देता है, लेकिन अफ़सोस हम लोग भी हर रोज़ गलतियां करते हैं।

हम प्रभु को पाने की बजाए उस परमपिता की बनाई हुई दुनियां की चीजों की कामना करते हैं। लेकिन कभी भी हम लोग इस बात पर गौर नहीं करते कि क्यों न दुनियां के बनाने वाले प्रभु को पा लिया जाए। अगर प्रभु हमारे हो गए, तो ही उसकी बनाई हुई हर चीज भी हमारी हो जाएगी।

>

About the author

admin administrator

Leave a Comment