देश मध्य प्रदेश राजनीति

राज्य सरकार ने जमा किया 22 सौ करोड़ रुपए का प्रीमियम

15 लाख किसानों को मिलेंगे फसल बीमा के 2990 करोड़

भोपाल. मध्य प्रदेश के 15 लाख किसानों को फसल बीमा की कुल 2990 करोड़ रुपए की बीमा राशि अगले सप्ताह तक मिल जाएगी। यह राशि सीधे उनके खातों में आ जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। मुख्यमंत्री रविवार को मंत्रालय में कृषि विभाग की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव कृषि अजीत केसरी सहित अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

मार्च माह में बीमा कंपनियों को दे चुके हैं राशि
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछली सरकार ने खरीफ एवं रबी फसलों के लिए सरकार द्वारा देय प्रीमियम 22 सौ करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया था। इसके कारण किसानों को फसल बीमा का लाभ नहीं मिला। चौहान ने कहा कि हमने सरकार बनते ही मार्च माह में बीमा कंपनियों की यह राशि जारी कर दी, जिससे अब किसानों को फसल बीमा राशि प्राप्त हो जाएगी।

दोनो सीजन की फसलों का कराया गया है बीमा
बैठक में प्रमुख सचिव कृषि ने बताया कि सरकार द्वारा खरीफ वर्ष 2018 तथा रबी वर्ष 2018-19 की फसल बीमा के प्रीमियम की राशि बीमा कंपनियों को जारी कर दी गई है। अब इन वर्षों की फसल बीमा की राशि किसानों को प्राप्त हो जाएगी। बैठक में बताया गया कि खरीफ 2018 में प्रदेश के 35 लाख किसानों द्वारा फसलों का बीमा कराया गया था, उनमें से 8.40 लाख किसानों को 19 सौ 30 करोड़ रुपए की बीमा राशि प्राप्त होगी। इसी प्रकार, रबी 2018-19 में प्रदेश के 25 लाख किसानों द्वारा रबी फसलों का बीमा कराया गया था। इनमें से 6.60 लाख किसानों को 10 सौ 60 करोड़ रुपए की बीमा राशि प्राप्त होगी।

>

About the author

admin administrator

Leave a Comment