अध्यात्म

बुजुर्गों के चरण स्पर्श से जो आशीर्वाद मिलता है, उससे व्यक्ति के उन्नति के रास्ते खुलते हैं

आशीर्वाद देने से पैर छूने वाले व्यक्ति की समस्याएं खत्म होती हैं, उम्र बढ़ती है और नकारात्मक शक्तियों से उसकी रक्षा होती है

भोपाल. श्री रामचरित मानस में गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं, प्रातकाल उठि कै रघुनाथा, मातु पिता गुरु नावहिं माथा। आयसु मागि करहिं पुर काजा, देखि चरित हरषइ मन राजा। इसका मतलब है कि श्री रघुनाथजी प्रात:काल उठकर माता-पिता और गुरु को मस्तक नवाते हैं और आज्ञा लेकर नगर का काम करते हैं और उनके चरित्र देख-देखकर राजा मन में बड़े हर्षित होते हैं।

सनातन धर्म में पुराने समय से ही परंपरा चली आ रही है कि जब भी हम किसी विद्वान व्यक्ति या उम्र में बड़े व्यक्ति से मिलते हैं तो उनके पैर छूते हैं। इस परंपरा को मान-सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। इस परंपरा का पालन आज भी काफी लोग करते हैं। चरण स्पर्श करने से धार्मिक और वैज्ञानिक दोनों तरह के लाभ प्राप्त होते हैं। ये बात तो सभी जानते हैं कि बड़ों के पैर छूना चाहिए, लेकिन जब कोई हमारे पैर छुए तो हमें क्या-क्या करना चाहिए।

जब भी कोई व्यक्ति चाहे वह स्त्री हो या पुरुष, हमारे पैर छुए तो उन्हें आशीर्वाद तो देना ही चाहिए, साथ ही भगवान या अपने इष्टदेव को भी याद करना चाहिए। आमतौर पर हम यही प्रयास करते हैं कि हमारा पैर किसी को न लगे, क्योंकि ये अशुभ कर्म माना गया है।

शास्त्रों में लिखा है कि अभिवादन शीलस्य नित्यं वृद्धोपसेविन। चत्वारि तस्य वर्धन्ते आयुर्विद्या यशो बलम। इस श्लोक का अर्थ यह है कि जो व्यक्ति रोज बड़े-बुजुर्गों के सम्मान में प्रणाम और चरण स्पर्श करता है, उसकी उम्र, विद्या, यश और शक्ति बढ़ती जाती है।

जब भी कोई हमारे पैर छूता है तो उस समय भगवान का नाम लेने से पैर छूने वाले व्यक्ति को भी सकारात्मक फल मिलते हैं। आशीर्वाद देने से पैर छूने वाले व्यक्ति की समस्याएं खत्म होती हैं, उम्र बढ़ती है और नकारात्मक शक्तियों से उसकी रक्षा होती है। हमारे द्वारा किए गए शुभ कर्मों का अच्छा असर पैर छूने वाले व्यक्ति पर भी होता है। जब हम भगवान को याद करते हुए किसी को सच्चे मन से आशीर्वाद देते हैं तो उसे लाभ अवश्य मिलता है। किसी के लिए अच्छा सोचने पर हमारा पुण्य भी बढ़ता है।

विज्ञान ने भी माना, बड़े बुजुर्गों के चरण स्पर्श करने से मिलती है यह दिव्य शक्ति
पैर के अंगूठे द्वारा विशेष शक्ति का संचार होता है। मनुष्य के पांव के अंगूठे में विद्युत संप्रेषणीय शक्ति होती है। यही कारण है कि अपने वृद्धजनों के नम्रता पूर्वक चरण स्पर्श करने से जो आशीर्वाद मिलता है, उससे व्यक्ति की उन्नति के रास्ते खुलते जाते हैं। कहते हैं, जो फल कपिला नामक गाय के दान से प्राप्त होता है और जो कार्तिक व ज्येष्ठ मासों में पुष्कर स्नान, दान, पुण्य आदि से मिलता है, वह पुण्य फल ब्राह्मण वर के पाद प्रक्षालन एवं चरण वंदन से प्राप्त होता है।

हिन्दू संस्कारों में विवाह के समय कन्या के माता-पिता द्वारा इसी भाव से वर का पाद प्रक्षालन किया जाता है। पैर के अंगूठे द्वारा भी शक्ति का संचार होता है। मनुष्य के पांव के अंगूठे में विद्युत संप्रेक्षणीय शक्ति होती है। यही कारण है कि वृद्धजनों के चरण स्पर्श करने से जो आशीर्वाद मिलता है, उससे अविद्यारूपी अंधकार नष्ट होता है और व्यक्ति उन्नति करता है।

किसी बड़े के पैर क्यों छूना चाहिए
पैर छूना या प्रणाम करना, केवल एक परंपरा नहीं है, यह एक वैज्ञानिक क्रिया है, जो हमारे शारीरिक, मानसिक और वैचारिक विकास से जुड़ी है। पैर छूने से केवल बड़ों का आशीर्वाद ही नहीं मिलता, बल्कि बड़ों के स्वभाव की अच्छी बातें भी हमारे अंदर उतर जाती है। पैर छूने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे शारीरिक कसरत होती है। आमतौर पर तीन तरीकों से पैर छुए जाते हैं। पहला तरीका- झुककर पैर छूना। दूसरा तरीका-घुटने के बल बैठकर पैर छूना और तीसरा साष्टांग प्रणाम करना।

झुककर पैर छूना:
झुककर पैर छूने से हमारी कमर और रीढ़ की हड्डी को आराम मिलता है।

घुटने के बल बैठकर पैर छूना:
इस विधि से पैर छूने पर हमारे शरीर के जोड़ों पर बल पड़ता है, जिससे जोड़ों के दर्द में राहत मिलती है।

साष्टांग प्रणाम:
इस विधि में शरीर के सारे जोड़ थोड़ी देर के लिए सीधे तन जाते हैं, जिससे शरीर का स्ट्रेस दूर होता है। इसके अलावा, झुकने से सिर का रक्त प्रवाह व्यवस्थित होता है, जो हमारी आंखों के साथ ही पूरे शरीर के लिए लाभदायक है। पैर छूने के तीसरे तरीके का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे हमारा अहंकार खत्म होता है। किसी के पैर छूने का मतलब है, उसके प्रति समर्पण भाव जगाना। जब मन में समर्पण का भाव आता है तो अहंकार खत्म हो जाता है।

आपको जानकार थोड़ा अजीब लग सकता है, मगर जब भी हम किसी के पैर छूते हैं तो यह उसके प्रति समर्पण भाव होता है। जब मन में समर्पण का भाव आता है तो अहंकार स्वत: ही खत्म होता है। इसलिए आज भी हमारे माता-पिता हमें अपने से बडों को प्रणाम करना और उनका पैर छूने की सीख हमेशा देते हैं।

>

About the author

admin administrator

Leave a Comment