देश

बच्चा चोरी की अफवाह अब पड़ने लगी है भारी, 7 गए जेल, बेगुनाहों के साथ पुलिस प्रशासन

 आजमगढ़                                                                                                                    
शरारती तत्वों की ओर से अफवाह फैला कर की गयी बेगुनाहों की पिटाई अब भारी पड़ने लगी है। पुलिस ने बच्चा चोरी के आरोप में मारपीट करने वाले सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अतरौलिया व सरायमीर थाना में पुलिस ने दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की है।  

शरारती तत्वों की ओर से बच्चा चोरी की अफवाह फैलायी जा रही है। आम लोगों को उत्प्रेरित कर मारपीट की जा रही है। इस प्रकार की हो रही घटनाओं से जिले का माहौल व कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। पुलिस अधीक्षक प्रो. त्रिवेणी सिंह ने ऐसी अफवाहों के नियंत्रण के लिए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सरायमीर के कुरियावां गांव में चंदा लेने आये मसरूर पुत्र मसउद निवासी रसूलपुर मुडे़रा जिला आंबेडकर नगर को कुछ लोगों ने रविवार को बच्चा चोर की अफवाह फैला कर मारपीट दिया। पीड़ित की तहरीर पर उपनिरीक्षक रामजी दूबे ने कुरियावां निवासी अब्दुल्ला पुत्र रिजवान, गुड्डू पुत्र रियाजूद्दीन, सुहैल अहमद पुत्र तुफैल अहमद, इनामुल्ला पुत्र हाजी कमरूद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके साथ ही अतरौलिया में अर्द्ध विक्षिप्त की बच्चा चोर समझ कर की गयी पिटाई के संबंध में उपनिरीक्षक ओम प्रकाश यादव ने कार्रवाई की अतुल कुमार उर्फ छोटू पुत्र राजकुमार, इन्द्रेश कुमार पुत्र अच्छे लाल व विनोद कुमार पुत्र रामराज निवासीगण टंडवा को गिरफ्तार कर जेल भेंज दिया। पुलिस अधीक्षक ने एक सवाल के जवाब में कहा कि  इस मामले में जांच अभी चल रही है, फौरी तौरी पर सात को गिरफ्तार किया गया है,औरों  की तलाश चल रही है। जांच के आधार पर रासुका तक की कार्रवाई संभव है।

क्षेत्र के वसीरपुर गांव में सोमवार की दोपहर करीब दो बजे एक वृद्ध को बच्चा चोर की अफवाह फैला कर कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। किसी तरह से उसने भाग कर अपनी जान बचाई। वसीरपुर  गांव पास विद्यालय है। विद्यालय के पास से एक वृद्ध जा रहा था। कुछ छात्र स्कूल के बाहर थे वृद्ध ने छात्रों से बात की। इसी बीच किसी ने अफवाह फैला दी की एक बच्चा चोर स्कूल के पास छात्रों ने बात कर रहा है। गांव के लोग स्कूल की ओर लाठी डंडा लेकर दौड़ पड़े। वृद्ध को मारने पीटने लगे। आस-पास के कुछ लोगों ने बीच बचाव किया। जिससे वृद्ध की जान बची घटना के बाद वृद्ध अपने गंतब्य को चला गया। 

जिले में हो रही लगातार बच्चा चोरी की अफवाहों और उसके बाद निर्दोष लोगों की पिटाई की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने व्यापक रूप से चौतरफा निर्देश जारी किए हैं। डीएम ने सभी नगर पंचायतों नगरपालिकाओं के ईओ को भी यह कहा है कि इस तरह की घटनाओं के संबंध में जागरुकता फैलाएं, और चेतावनी दें कि किसी के द्वारा इस तरह की अफवाहों में संलिप्तता पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं  सीडीओ के माध्यम से सभी बीडीओ व सभी ग्राम प्रधानों व सचिवों को पत्र जारी कर इस बारे में जागरुकता फैलाने के निर्देश जारी किए हैं। अपील की गई है कि ग्राम प्रधान इस तरह की किसी भी सूचना पर संबंधित थाने, यूपी 100 व संबंधित एसडीएम सीओ के साथ साथ जिले के एसपी सहित किसी भी अफसर को सूचना दे सकते हैं। वहीं सभी लेखपालों को भी ये निर्देश दिए गए हैं कि इस तरह की जागरुकता गांव में फैलाएं कि अफवाह फैलाने वालों पर रासुका तक की कार्रवाई की जा सकती है। डीएम ने बीएसए के माध्यम से जिले के सभी परिषदीय स्कूलों के प्रधानअध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि अपने स्कूलों के माध्यम से इसकी जागरुकता फैलाएं। वहीं एसपी ने थाना वार सभी भिगमंगों, मानसिक रूप से विक्षिप्त लोगों की भी सूची बनाकर उन पर नजर रखने को कहा है। 
 

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment