देश

 दीपावली से पहले राज्यकर्मियों को वेतन देने की तैयारी

 लखनऊ 
राज्यकर्मियों को दीपावली से पूर्व ही वेतन मिल सकता है। प्रदेश सरकार इस संबंध में जल्द आदेश जारी कर सकती है। सूत्रों का दावा है कि विभागों से 21 अक्तूबर तक वेतन बिल तैयार कर भेजने को कहा गया है। ऐसा होने पर राज्यकर्मी दीपावली धूम धड़ाके से मना सकेंगे। 

इस बार दीपावली 27 अक्तूबर को है यानी महीना पूरे होने से महज दो दिन पहले यह पर्व है। ऐसी स्थिति में पूर्व के वर्षों की तरह इस वर्ष भी वेतन के लिए कर्मचारियों को एक नवंबर का इंतजार न कराकर दीपावली से पहले ही देने का आदेश हो सकता है। पहले भी जब महीने के अंतिम दिनों में दीपावली पड़ती रही है तो पहले वेतन देने का आदेश जारी किया जाता रहा है। पिछले वर्ष दीपावली सात नवंबर को थी। इससे पूर्व एक नवंबर को राज्य कर्मियों को 9 फीसदी डीए और फिर दूसरे ही दिन दो नवंबर को राज्य कर्मियों को 30 दिन का बोनस देने का आदेश जारी हुआ था। 

बोनस का आदेश तैयार, सीएम की सहमति का इंतजार
दूसरी तरफ वित्त विभाग ने प्रदेश के 14.2 लाख अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस दिए जाने की फाइल आगे बढ़ा दी है। बोनस का 75 फीसदी हिस्सा कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में और 25 फीसदी का नकद भुगतान किया जाना प्रस्तावित है। सूत्र बताते हैं कि वित्त विभाग ने बोनस देने की अधिसूचना तक तैयार कर रखी है। सीएम की स्वीकृति मिलते ही इसे जारी कर दिया जाएगा।

केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद डीए पर फैसला
वहीं राज्यकर्मियों को महंगाई भत्ता भी दीपावली से पहले मिल सकता है। केंद्र सरकार द्वारा पांच फीसदी महंगाई भत्ता की घोषणा के बाद राज्यकर्मियों को भी महंगाई भत्ता दिए जाने की हलचल शासन स्तर पर शुरू हो गई है। बताया जाता है कि केंद्र सरकार की घोषणा के बाद अभी अधिसूचना जारी नहीं हुई है। केंद्र सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद ही राज्य सरकार इस मुद्दे पर विचार करेगी।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment