देश

दिल्ली के प्रॉपर्टी डीलर पर गोलियां बरसाकर उतरा मौत के घाट

 मेरठ 
दिल्ली के छतरपुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर और उसके चाचा को मेरठ के कंकरखेड़ा में खिर्वा रोड पर साथियों ने गोलियों से भून दिया। हमले के समय सभी लोग कार में सवार थे। गोलीबारी में प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई जबकि उसका चाचा घायल हो गया। हमले के पीछे प्रॉपर्टी का विवाद और गैंगवार को कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर के चाचा को संदिग्ध आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर लिया है। 

दिल्ली के छतरपुर महरौली निवासी हनी अपने चाचा तिलक चौधरी पुत्र रतिराम के साथ गुरुवार को मेरठ में पावली खुर्द के पूर्व प्रधान ऋतुराज के पास मिलने आए थे। उनके साथ दिल्ली निवासी अपराधी शक्ति नायडू भी था। इसके बाद सभी लोग कंकरखेड़ा निवासी रवि उर्फ भूरा के पास आए। यहां से सभी किसी काम से सरधना गए और वहां से रात को वापस लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे कंकरखेड़ा में खिर्वा रोड पर कार के अंदर ही किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। इसके बाद आपस में गोलियां चली। गोलीबारी में हनी को चार गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तिलक चौधरी को भी हाथ और पैर पर गोली लगी। शक्ति नायडू और बाकी लोग फरार हो गए। घायल तिलक चौधरी एक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर कैलाशी अस्पताल पहुंचा।

गोलीबारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल के कैलाशी अस्पताल में होने की सूचना मिली तो पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने तिलक को हिरासत में ले लिया। पुलिस को शक है कि तिलक ने ही हनी के साथ वारदात कराई है। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि तिलक को पकड़ा गया है। पूछताछ की जा रही है। आपस में ही गैंगवार की आशंका है।

कार में अंदर से चलाई गईं गोलियां
जिस कार में हनी की हत्या की गई, उस कार में अंदर से गोलियां चली हैं। हनी ड्राइविंग सीट के बराबर वाली सीट पर बैठा था। साइड वाले दरवाजे पर अंदर से गोलियों के निशान हैं। फोरेंसिक टीम को भी कार पर बाहर से गोलियों के चलाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में साफ है कि पीछे बैठे किसी व्यक्ति ने हनी पर गोलियां चलाईं।

फोरेंसिक टीम को बरामद हुई पिस्टल
फोरेंसिक टीम मौके पर छानबीन के लिए पहुंची। कार में ही एक पिस्टल बरामद हुई है। जानकारों की मानें तो पिस्टल 9 एमएम की है। एक खोखा भी बरामद किया गया है। कार में तीन गोलियों के निशान मिले हैं।

दोस्तों को दी हमले की जानकारी
देररात तिलक चौधरी के कई दोस्त दिल्ली से कंकरखेड़ा थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि रात करीब 10 बजे तिलक का फोन आया था। उसने खुद को गोली लगने की जानकारी दी। इसके बाद वो मेरठ के लिए रवाना हुए। दोस्तों ने बताया कि हनी और तिलक दोनों सगे चाचा भतीजे हैं और दोनों के बीच कोई विवाद नहीं है।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment