छत्तीसगढ़

झारखंड विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक सीएम भूपेश बघेल

रायपुर
 झारखंड में 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने वाले है। वहीं झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों का ऐलान कर दिया है। खास बात यह रही कि इस लिस्ट में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम भी शामिल है।

वहीं छत्तीसगढ़ में ही भूपेश सरकार के मंत्री टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू और शिवकुमार डहरिया का नाम भी शामिल है। वहीं गौर करने वाली बात यह है कि इस लिस्ट में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का नाम शामिल नहीं है।

बता दें सूची में अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ को ज्यादा महत्व दिया गया है। झारखंड में पांच चरण में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस हाईकमान ने पहले चरण के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है।

देश के चार राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश में कांग्रेस के मुख्यमंत्री हैं। पार्टी हाईकमान ने पांच मुख्यमंत्रियों में से दो को झारखंड का स्टार प्रचारक बनाया है। भूपेश का नाम आठवें नंबर पर है, उसके बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम है।

मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ, पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह और पांडिचेरी के सीएम नारायण सामी को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। झारखंड से पहले भूपेश बतौर स्टार प्रचारक उत्तरप्रदेश में भी प्रचार करने गए थे।

झारखंड के स्टार प्रचारकों की सूची में 12वें नंबर पर सिंहदेव, 13वें नंबर पर साहू और 21वें नंबर पर डहरिया का नाम है। भूपेश और तीनों मंत्री झारखंड में चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ में किए गए कामों की ब्रांडिंग करेंगे। सभाओं में जनता को यह बताया जाएगा कि कांग्रेस जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। इस कारण कांग्रेस पर भरोसा करें।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment