मध्य प्रदेश राजनीति

कोरोना मरीजों का हल्के-फुल्के वातावरण में हो इलाज, कोरोना योद्धाओं का बढ़ाएं मनोबल


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की कोरोना की स्थिति एवं नियंत्रण व्यवस्थाओं की समीक्षा

भोपाल. कोरोना मरीजों का हल्के-फुल्के वातावरण में इलाज किया जाए। निरंतर उनका मनोबल बढ़ाया जाए तथा तनाव कम करने के लिए उनका मनोरंजन भी किया जाए। इस कार्य के लिए आनंद विभाग को पुनर्जीवित कर आनंदकों की सेवाएं ली जाएं। यह बाद शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फें्रसिंग के दौरान कही। चौहान ने कहा कि कोविड अस्पतालों और क्वारंटाइन सेंटर्स में ऑडियो-वीडियो के माध्यम से संगीत, फिल्म प्रदर्शन, प्रेरणादायक संदेश तथा मनोरंजक कार्यक्रम दिखाए जाएं। इसके साथ ही कोरोना कार्य में लगे अमले का भी मनोबल बढ़ाने के लिए कार्य किये जाएं, जिससे कि वे अपना कार्य बिना किसी तनाव के कर पाएं। चौहान प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं नियंत्रण व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे।

बाहर से आ रहे मरीजों को क्वारंटाइन में रखें
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अन्य प्रदेशों से प्रदेश में आने वाले मजदूरों का जिलों की सीमा पर स्वास्थ्य प्रशिक्षण तथा स्क्रीनिंग की जाए। उन्हें यथा संभव होम क्वारंटाइन में रखा जाए तथा आवश्यकता होने पर संस्थागत क्वारंटाइन किया जाए। जो मजदूर अपने जिलों को जाना चाहते हैं, उन्हें जाने की अनुमति दी जाए। यह कार्य संबंधित कलेक्टर सुनिश्चित करें।

आवश्यक सुविधाओं की आपूर्ति
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी जिलों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किराना आदि की दुकानों को 12 घंटे खोलने की अनुमति दी जाए। थोड़े समय दुकान खुलने से भीड़ होती है। भीड़ किसी हालत में नहीं होनी चाहिए।

सागर में मनरेगा के अच्छे कार्य
विभिन्न जिलों में रोजगार मूलक कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया कि सागर जिले में मनरेगा के कार्य सुचारू रूप से शुरू हो गये हैं तथा मजदूरों की संख्या बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि लॉकडाउन एवं भारत सरकार की गाइड लाइन का पालन करते हुए संक्रमण मुक्त जिलों में विभिन्न रोजगार मूलक कार्य प्रारंभ कराए जाएं।

3.58 लाख किसानों से 15.84 लाख एमटी गेहूं की खरीदी
मुख्यमंत्री चौहान ने कोरोना संकट के चलते प्रदेश में गेहूं के अच्छे उपार्जन कार्य के लिए सभी संबंधितों की सराहना की। प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि प्रदेश के विभिनन उपार्जन केन्द्रों पर अभी तक 3 लाख 58 हजार 103 किसानों से 15 लाख 84 हजार 850 एमटी गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। कल 61 हजार किसानों से 2.80 लाख एमटी गेहूं खरीदा गया, जो एक रिकार्ड है। उपाजित गेहूं में से 65 से 70 प्रतिशत का परिवहन भी किया जा चुका है। किसान अनुशासित ढंग से खरीदी केन्द्रों पर आ रहे हैं तथा सभी सुरक्षात्मक उपायों के साथ अपना गेहूं बेच रहे हैं।

सरसों की खरीदी भी शीघ्र चालू करें
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि समर्थन मूल्य पर चना एवं मसूर के साथ ही सरसों की खरीदी का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाए। प्रदेश की मंडियों में खरीदी के विषय में बताया गया कि अभी तक मंडियों के माध्यम से 3 लाख 37 हजार एमटी गेहूं खरीदी गया है। इसमें से 80 प्रतिशत गेहूं सौदा पत्रकों के माध्यम से व्यापारियों ने सीधे किसानों से खरीदा है। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान बैठक में मौजूद रहे।

>

About the author

admin administrator

Leave a Comment