मनोरंजन

काफी चर्चा और विवादों में रही महेश भट्ट की जिंदगी

बॉलिवुड के जाने-माने डायरेक्टर महेश भट्ट का आज 20 सितंबर को 71वां जन्मदिन है। महेश भट्ट की फिल्मों को जहां क्रिटिक्स ने हमेशा सराहा है वहीं उन समाज में उनकी यही फिल्में अपनी बोल्डनेस के लिए विवादित भी रही हैं। केवल फिल्में ही नहीं बल्कि महेश भट्ट का निजी जीवन कई सारे विवादों में फंसा रहा है। आइए, आज जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ ऐसे ही अनसुनी और अनजानी बातें।

महेश भट्ट तब रातोंरात चर्चा में आ गए थे जब उन्होंने अनुपम खेर, रोहिणी हटंगणी और सोनी राजदान की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म 'सारांश' बनाई थी। 1984 में रिलीज हुई इस फिल्म ने अनुपम खेर को भी एक झटके में मशहूर कर दिया था। फिल्म को क्रिटिक्स ने काफी सराहा था। हालांकि खुद महेश भट्ट जिंदगीभर अपने बयानों और पर्सनल लाइफ के कारण विवादों में रहे। महेश भट्ट जब कॉलेज में थे तब उन्होंने केवल 20 साल की उम्र में लॉरेन ब्राइट से शादी की थी। लॉरेन ने शादी के बाद अपना नाम किरण भट्ट रख लिया था। पूजा भट्ट और राहुल भट्ट किरण भट्ट के ही बच्चे हैं। हालांकि महेश और किरण का यह रिश्ता बहुत ज्यादा समय तक नहीं चला। दोनों अलग जरूर हो गए लेकिन उन्होंने तलाक कभी नहीं लिया।

परवीन बाबी के साथ रिलेशनशिप
किरण से अलगाव के बाद महेश भट्ट अपने समय की नामी ऐक्ट्रेस रहीं परवीन बाबी के साथ रिलेशनशिप में आ गए। परवीन भी महेश से काफी प्यार करती थीं लेकिन महेश का यह रिश्ता भी ज्यादा नहीं चला क्योंकि परवीन बाबी को स्किट्जोफ्रीनिया नाम की एक मानसिक बीमारी हो गई और यह रिश्ता भी खत्म हो गया। इसके बाद महेश भट्ट अपनी फिल्मों में बहुत ज्यादा व्यस्त रहने लगे।

दूसरी शादी के लिए अपना लिया इस्लाम
वैसे तो महेश भट्ट की मां एक गुजराती मुस्लिम महिला थीं लेकिन उनके पिता कश्मीरी हिंदू ब्राह्मण थे। फिल्में करते हुए वह ऐक्ट्रेस सोनी राजदान के नजदीक आ गए। चूंकि महेश ने अपनी पहली पत्नी से तलाक नहीं लिया था, इसलिए उन्होंने सोनी से शादी करने के लिए इस्लाम धर्म अपना लिया। ऐक्ट्रेस आलिया भट्ट, सोनी राजदान और महेश भट्ट की ही बेटी हैं।

बेटी पूजा भट्ट को चूम कर विवादों में आए महेश भट्ट
महेश भट्ट ने अपनी बेटी पूजा भट्ट के साथ एक फोटोशूट कराया था। इस फोटोशूट में वह अपनी बेटी पूजा को लिप-टू-लिप किस करते हुए दिखाई दे रहे थे। इस तस्वीर के आते ही हंगामा मच गया था। उस दौर में समाज में लोगों ने महेश भट्ट की खूब लानत-मलानत की थी। इसके अलावा उन्होंने एक मैगजीन को कथित तौर पर एक ऐसा विवादित बयान भी दिया था जिससे महेश की खूब आलोचना हुई थी। महेश ने कथित तौर पर एक इंटरव्यू में कहा था कि पूजा भट्ट उन्हें बेहद खूबसूरत लगती हैं और अगर वह उनकी बेटी नहीं होतीं तो वह पूजा से शादी कर लेते।

फिल्मों में एक बार फिर वापसी
सारांश, अर्थ, आशिकी, डैडी, नाम, दिल है कि मानता नहीं, हम हैं राही प्यार के, क्रिमिनल, जख्म जैसी बेहतरीन फिल्में बना चुके महेश भट्ट ने 90 के दशक के आखिर में डायरेक्शन छोड़ दिया। हालांकि अब वह एक बार फिर अपनी सुपरहिट फिल्म रही 'सड़क' के सीक्वल के साथ डायरेक्शन में वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म में महेश की दोनों ऐक्ट्रेस बेटियां पूजा और आलिया के साथ संजय दत्त और आदित्य रॉय कपूर दिखाई देंगे। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment