देश

 आगरा में रविवार रात को लबालब हो जाएगी यमुना

 आगरा 
यमुना में गंदगी को ढकने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि ताजमहल देखने के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को गंदगी नजर न आए। इसके लिए गुरुवार को गोकुल बैराज से छोड़ा गया करीब 1800 क्यूसेक पानी शुक्रवार को ताजमहल के पीछे दिखा। जलकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि छोड़े जा रहे पानी का असर रविवार रात को दिखाई देने लगेगा।

गुरुवार को यमुना में गोकुल बैराज से 1870 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। हालांकि शुक्रवार को डिस्चार्ज घटकर 1462 क्यूसेक रह गया। इससे सुबह यमुना में पानी बढ़ा दिखा लेकिन शाम तक जीवनी मंडी वाटर वर्क्स पर नदी का जलस्तर दो इंच घट गया था। दरअसल शुक्रवार को डिस्चार्ज घटने की वजह से ऐसा हुआ। जलकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सिंचाई विभाग ने गोकुल बैराज व अपर स्ट्रीम में मांट ब्रांच से 900 क्यूसेक गंगाजल यमुना में छोड़ने के आदेश दिए। यह पानी गोकुल बैराज में शनिवार शाम तक इकट्ठा होगा।

रविवार सुबह गोकुल से पानी छोड़ा जाएगा। 1800 क्यूसेक में करीब 900 क्यूसेक पानी और बढ़ जाएगा। इस तरह करीब 2700 क्यूसेक पानी हो जाएगा, जो रविवार रात तक आगरा पहुंचेगा। रविवार को छोड़े जाने वाले पानी की वजह से सोमवार शाम तक यमुना नदी लबालब दिखेगी। यमुना में पानी तो दिखेगा लेकिन इससे प्रदूषण कम नहीं होगा।

ईको फ्रेंडली वाहन से ताजमहल जाएंगे डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ ईको फ्रेंडली वाहन से ताजमहल के रॉयल गेट तक जाएंगे। उनकी बीस्ट को 500 मीटर के दायरे में प्रवेश नहीं मिलेगा। विदेश मंत्रालय और आगरा के अधिकारियों ने यह जानकारी अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को दी थी। उन्होंने इस बात पर सहमति जता दी है कि राष्ट्रपति ईको फ्रेंडली वाहन से ही जाएंगे।

कल आएंगी फ्लीट की गाड़ियां
ट्रंप की फ्लीट में लगभग 40 गाड़ियां होंगी। इसमें से 28 गाड़ियां अमेरिका से आ रही हैं। ये गाड़ियां रविवार सुबह तक आ जाएंगी। इन गाड़ियों के साथ ही आखिरी रिहर्सल किया जाएगा। उस दौरान पूरे मार्ग पर ट्रैफिक रोक दिया जाएगा।

यमुना में स्टीमर से पेट्रोलिंग करेंगे जवान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा के लिए यमुना में भी पेट्रोलिंग होगी। पहले यमुना में पानी नहीं था। अब आ गया है। एक दर्जन स्टीमर से पुलिस यमुना में ताजमहल के पीछे और आस-पास पेट्रोलिंग करेगी। पुलिस को निर्देश हैं कि कोई जानवर भी यमुना में नजर नहीं आना चाहिए। पैरा मिलिट्री फोर्स की दस कंपनी शुक्रवार को आगरा पहुंची।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment