नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए कपिल मिश्रा केजरीवाल के साथ शाहीन बाग पर भी ताबड़तोड़ बयानबाजी कर रहे हैं। दिल्ली चुनाव को हिंदुस्तान बनाम पाकिस्तान बताते हुए उन्होंने आज शाहीन बाग प्रदर्शन पर कई ट्वीट किए। इस प्रदर्शन को उन्होंने पाकिस्तानी दंगाइयों का दिल्ली पर कब्जा करार दिया। मिश्रा ने अपने इस बयान से जुड़े कई न्यूज क्लिप्स भी सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।
उन्होंने एक ट्वीट किया जिसमें कहा कि 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर हिंदुस्तान बनाम पाकिस्तान होगा। उन्होंने ट्वीट किया, 'भारत बनाम पाकिस्तान, 8 फरवरी, दिल्ली। 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर हिंदुस्तान और पाकिस्तान का मुकाबला होगा।' एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'पाकिस्तान की एंट्री शाहीन बाग में हो चुकी है। दिल्ली में छोटे छोटे पाकिस्तान बनाये जा रहे हैं। शाहीन बाग, चांद बाग, इंद्रलोक में देश का कानून नहीं माना जा रहा। पाकिस्तानी दंगाइयों का दिल्ली की सड़को पर कब्जा है।'
केजरीवाल पर करते हैं तीखे हमले
आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर मिश्रा लगातार तीखे हमले करते रहे हैं। केजरीवाल को घुंघरू सेठ बतानेवाले एक ट्वीट को उन्होंने अपना पिन ट्वीट भी किया है। अपने चुनावी भाषणों में मिश्रा बार-बार केजरीवाल सरकार पर जनता को गुमराह करने और विज्ञापनों पर पैसा खर्च करने का दावा करते रहे हैं। बीजेपी ने उन्हें मॉडल टाउन से उम्मीदवार बनाया है।
शाहीन बाग प्रदर्शन पर बेहद तल्ख है कपिल की भाषा
शाहीन बाग प्रदर्शनों पर मिश्रा सीधे तौर पर हिंदू-मुस्लिम भाषा का प्रयोग चुनाव प्रचार में कर रहे हैं। एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा था, 'शाहीन बाग के बाद अब दिल्ली के चांद बाग में भी मुस्लिम भीड़ ने सड़क पर कब्जा कर लिया है। अभी इस समय दिल्ली के चांद बाग में हजारों मुस्लिम सड़को पर उतरे हुए हैं। खुलेआम गुंडागर्दी की जा रही है।' मिश्रा ने कांग्रेस और केजरीवाल पर ध्रुवीकरण कर जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।