मध्य प्रदेश

महिला हो सकती है प्रदेश अध्यक्ष- प्रभारी दीपक बावरिया

भोपाल
 मध्यप्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को लेकर एक बार फिर से अटकलें तेज हो गई हैं। मध्यप्रदेश का अगला प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा इसको लेकर सियासी अटकलें लगाई जा रही हैं। लेकिन कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष कोई महिला भी हो सकती है। वहीं, दीपक बावरिया ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के सड़क पर उतरने के बयान का समर्थन भी किया है।

महिला हो सकती है प्रदेश अध्यक्ष
लंबे समय से टल रहे पीसीसी अध्यक्ष के चयन के बारे में दीपक बावरिया ने स्पष्ट नहीं किया है। उन्होंने ये जरूर कहा है कि सबके साथ समन्वय बनाने वाला डायनामिक व्यक्ति होगा। यह कोई महिला भी हो सकती है। वहीं, दीपक बावरिया ने कहा कि निगम-मंडल में नियुक्तियों का सिलसिला 15 दिनों में शुरू हो जाएगा। नियुक्तियां क्राइटेरिया के आधार पर की जाएंगी। सीएम कमलनाथ के साथ चर्चा हो चुकी है। बावरिया ने तीसरे दिन दावेदारों से मुलाकात की।

पहले लग चुकी हैं अटकलें?
बता दें कि मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के लिए लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही हैं। इससे पहले भी ऐसी खबरें आईं थी कि किसी महिला को मध्यप्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है। मध्यप्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता शोभा ओझा का नाम भी प्रदेश अध्यक्ष की रेस में आया था।

अभी कमलनाथ हैं प्रदेश अध्यक्ष
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कमलनाथ को मध्यप्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उसके बाद उन्हें लोकसभा चुनाव तक पार्टी अध्यक्ष बने रहने के लिए कहा गया था। लोकसभा में कांग्रेस की हार के बाद कमलनाथ ने इस्तीफे की पेशकश की थी। उसके बाद से प्रदेश अध्यक्ष को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment