देश

दिल्ली में छाया कोहरा और चल रहीं सर्द हवाएं

 नई दिल्ली 
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर के कुछ इलाकों में बर्फबारी की वजह से ठंड और बढ़ गई है। बिहार, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होने के साथ ही उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर का कहर जारी है। इसका असर शनिवार को भी देखने को मिला। कश्मीर घाटी और लद्दाख में पारा जमावबिंदु से नीचे चला गया। दिल्ली में रविवार की सुबह भी कोहरा छाया रहा और तेज हवा चल रही है। तेज हवा चलने की वजह से दिल्ली में ठंड और बढ़ गई है। फिलहाल, दिल्ली में रविवार को सुबह न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

स्काईमेट के मुताबिक, दिल्ली में कई दिनों के बाद घने कोहरे की वापसी हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में कई जगहों पर शनिवार और रविवार को भी घना कोहरा छाया रहा। रविवार की सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता में कमी देखने को मिली। 

इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पालम में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर का अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 21 जनवरी को दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अगले आठ से 10 दिनों में तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।

स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, बहराइच, लखीमपुर खीरी और गोरखपुर समेत आसपास के भागों में गरज के साथ हल्की बौछारें गिरने की संभावना है। 

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई। राज्य के मनाली, कुफरी और डलहौजी में न्यूनतम तापमान जमावबिंदु के पास पहुंचने से पर्यटकों को कंपकंपाती ठंड का सामना करना पड़ रहा है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे किन्नौर के कल्पा में पिछले 24 घंटों में 24.4 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि डलहौजी में चार मिमी बारिश, मनाली में दो मिमी और चंबा में एक मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा और पुरनपुर, निघासन, बहेरी, हापुड़, नवाबगंज और फतेहपुर में बारिश दर्ज की गई।

कश्मीर घाटी और लद्दाख में शनिवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया जिसके कारण सड़क पर बर्फ जमी रही और मोटरसाइकिल चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। गुलमर्ग कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि हालांकि अगले तीन दिन तक घाटी में हिमपात होने की संभावना नहीं है लेकिन 21 जनवरी से 24 जनवरी के बीच हल्की बर्फबारी हो सकती है।

पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। सुबह में घना कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता कम हो गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में ठंड की स्थिति वैसी ही बनी रही और 3.7 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ गंगानगर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। चुरू, पिलानी, सिकर, बीकानेर और जयपुर में रात का तापमान क्रमश: 3.9, 5.4, 6.2 और 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment