खेल

दिल्ली कैपिटल्स को झटका, क्रिस वोक्स ने IPL ने नाम लिया वापसः रिपोर्ट

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन से क्रिस वोक्स ने अपना नाम वापस ले लिया है। क्रिस वोक्स को आने वाले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलना था। वोक्स ने खुद को आने वाले इंग्लिश समर के लिए फिट रखने के लिए आईपीएल से अपना नाम वापस लिया है। इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर का टीम से बाहर होना दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ा झटका है। आईपीएल फ्रेंचाइजी टीम दिल्ली कैपिटल्स ने हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।

पीए न्यूज एजेंसी के मुताबिक वोक्स ने खुद को आने वाले सीजन के लिए फिट रखने के लिए आईपीएल से अपना नाम वापस लिया है। वोक्स को दिल्ली कैपिटल्स ने उनके बेस प्राइस 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। वोक्स दिल्ली कैपिटल्स के लिए अहम खिलाड़ी साबित हो सकते थे। वोक्स के बाहर होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के सामने यह चुनौती होगी कि वो तेज गेंदबाज ऑलराउंडर की जगह किसे टीम में शामिल करते हैं।

वोक्स ने अभी तक 18 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 63 रन बनाए हैं और 25 विकेट लिए हैं। 2018 आईपीएल ऑक्शन में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने 7.4 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने पांच आईपीएल मैचों में आठ विकेट भले लिए थे, लेकिन 10.36 के इकॉनमी रेट से रन भी लुटाए थे। 2019 आईपीएल ऑक्शन में वोक्स अनसोल्ड रहे थे, लेकिन 2020 आईपीएल ऑक्शन में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा था।  वोक्स के अलावा दिल्ली कैपिटल्स ने जेसन रॉय, शिमरोन हेटमायर, एलेक्स कैरी, मार्कस स्टॉयनिस, ललित यादव, मोहित शर्मा और तुषार देशपांडे को खरीदा था। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर हैं, जिनकी कप्तानी में पिछले साल टीम प्लेऑफ तक पहुंची थी।

 

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment