जमीन विवाद में पटेलगर में बवाल, बाइक में लगायी आग

 पटना 
जमीन विवाद में दो गुट भिड़ गये और जमकर बवाल हुआ। एक महिला को बदमाशों ने जमकर पीटा। पटेलनगर के बाबा चौक के पास बुधवार की सुबह हुई इस घटना के बाद बवाल खड़ा हो गया। महिला को दबंगों द्वारा सरेआम पिटाई करता देख स्थानीय लोग बिफर गये और मारपीट करने वालों पर हमला कर दिया। लोगों ने एक ठेकेदार की बाइक फूंक डाली। रोड़ेबाजी भी की गयी।

इधर, बवाल को देख आनन-फानन में भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर बुला लिया गया। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। पाटलिपुत्र थाने की पुलिस ने बवाल में शामिल तीन लोगों को हिरासत में लिया है। महिला रिंकी देवी का आरोप है कि एक विवादित जमीन पर बिल्डर विद्या भारती के लोग जबरन बाउंड्री करवा रहे थे। उसी जमीन पर महिला भी अपना दावा करती है। वह अपने परिजनों के साथ उक्त जमीन पर हो रहे निर्माण का विरोध करने गयी थी। इसी बीच ठेकेदार दिनेश राय उससे उलझ गया और मारपीट करने लगा। दूसरी ओर पाटलिपुत्र थानेदार कमलेश्वर सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। दोनों ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है।

चार-पांच लोग महिला की कर रहे थे पिटाई, वीडियो वायरल
चार से पांच लोग महिला की पिटाई कर रहे थे। वह बार-बार खुद को छोड़ देने की गुहार लगा रही थी। इसके बावजूद ठेकेदार व अन्य महिला के साथ मारपीट करते रहे। अगर स्थानीय लोग महिला के पक्ष में नहीं उतरते तो अनहोनी हो सकती थी। महिला की पिटाई का वीडियो भी वायरल हुआ है।

पुलिस को दी थी सूचना लेकिन…
महिला ने बताया कि उसने जमीन विवाद की खबर पुलिस के बड़े अफसरों को दी थी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गयी। बड़े अफसरों ने थाने को खबर नहीं दी। इस कारण स्थानीय थाना इस पूरे प्रकरण से अंजान रहा। इसका फायदा दबंगों ने उठाया।

>

About the author

info@jansamparklife.in

Leave a Comment